देहरा। जायका ओडीए फेस-दो का कार्यालय देहरा में बुधवार को शुरू हो गया है। इसका शुभारंभ मत्स्य पालन विभाग के चेयरमैन नरदेव कंवर ने किया। इस कार्यालय के तहत 21 प्रोजेक्ट हैं। इनमें 9 प्रोजेक्ट कांगड़ा और 12 प्रोजेक्ट ज्वालाजी, देहरा, जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत हैं।
नरदेव कंवर ने कहा कि देहरा को सभी विधानसभा क्षेत्रों के मध्य होने के चलते सरकार ने इसे हेड ऑफिस बनाया है। इस कार्यालय के खुलने से कांगड़ा ऑफिस पर कोई भी प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से ओडीए फेस दो का कार्य लंबित था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के समक्ष यह मामला उठाया गया था। उन्होंने इस कार्य को आरंभ करने निर्देश दिए। परियोजना के तहत लोगों की आर्थिकी में सुधार के लिए स्वयं सहायता समूहों से करीब 24 आय सृजन गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
कुछ गतिविधियां अन्य विभागों के साथ अभिसरण (कंवर्जेन्स) से चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जायका फेस दो से देहरा व शेष कांगड़ा जिले के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। इससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। नरदेव कंवर ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों विशेषतौर पर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कारगर कदम उठा रही है।
तहसीलदार देहरा कर्म चंद, आरएम देहरा कुशल कुमार, कृषि विभाग से ज्योतिरंजन कालिया, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग कुलदीप राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और कांग्रेस की महिला विंग की जिलाध्यक्ष किरण गुलेरिया समेत कई गणमान्य लोग इस मौके पर मौजूद रहे।