कांगड़ा। ड्यूटी (Duty) के दौरान कांगड़ा के वीर जवान (Soldier) अश्वनी कुमार का निधन (Death) हो गया है।
कांगड़ा जिले के धीरा उपमंडल की ग्राम पंचायत नौरा के मतेहड़ गांव निवासी और भारतीय सेना में तैनात हवलदार (42) अश्वनी कुमार का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हवलदार अश्वनी कुमार स्वर्गीय शरवन मेहता के पुत्र थे और भारतीय सेना की 21 गढ़वाल रेजिमेंट में क्लर्क के पद पर सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती दिल्ली में थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:45 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी जवान उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार बताया गया। इसके बाद रात करीब 12 बजे उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बुधवार सुबह जैसे ही उनके निधन की सूचना मतेहड़ गांव पहुंची। वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हवलदार अश्वनी कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है। वीरवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए वीर जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

