कुल्लू। जिले के आनी उपमंडल से वीरवार शाम एक दु:खद (Sad) खबर (News) सामने आई है। आनी के अमरबाग के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से मां-बेटे की मौके पर ही मौत (Death) हो गई है। हादसा बखनाओं पंचायत की पुनण खड्ड के पास हुआ है।
हादसे (Accident) के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी और मार्ग पर फिसलन थी। मृतकों की शिनाख्त रवीना भारती और उसके बेटे सुजल (14) के रूप में हुई है। दोनों काथला गांव के रहने वाले थे। रवीना अपने बेटे को सरस्वती विद्या मंदिर चवाई से लेकर लौट रही थीं। स्कूल से उतरने के बाद उन्होंने सड़क से गांव के लिए आधा घंटे की पैदल चढ़ाई शुरू की ही थी।
थोड़ी देर बाद पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। बारिश के कारण उन्होंने छाता ले रखा था। शायद इसलिए खतरे को भांप नहीं सके। पत्थरों की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।