धर्मशाला। कांगड़ा जिले के पंचरुखी के सलियाणा गांव के युवक पंकज (27) की हत्या (Murder) का केस (Case) पुलिस ने हल कर दिया है। इसे लेकर SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंकज की हत्या उसकी प्रेमिका नीशू ने की थी। दोनों करीब आठ वर्ष से रिश्ते में थे।

18 जनवरी को जब नीशू का पति घर पर नहीं था तो उसने पंकज को बुलाया। इस दौरान किसी बात पर दोनों में बहस हो गई। इसके बाद नीशू ने कमरे में रखे कुदाल से पंकज के सिर पर चार से पांच वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद नीशू अपने मायके सलियाणा पहुंची और पिता उत्तम चंद, बहन रजनी और पति शशि कुमार को सारी बात बताई। फिर वे एक शादी समारोह में गए, जहां बहन के पति अजय को भी इस साजिश में शामिल किया गया।

शादी से लौटने के बाद सबने ने मिलकर नागनी-खुंडियां सड़क के पास शव ठिकाने लगाने के लिए स्थान ढूंढा। शव को कंबल में लपेटकर रस्सी से बांधा और ज्वालामुखी के सुरानी जंगल में ढांक से नीचे फेंक दिया। सबूत मिटाने के लिए युवक की जैकेट, चप्पल और रस्सी को जला दिया गया। मोबाइल फोन को तोड़कर अलग स्थान पर फेंका दिया।

पुलिस वारदात के छह आरोपियों नीशू, उसके पति शशि कुमार, पिता उत्तम चंद, बहन रजनी, भांजे अभिषेक और जीजा अजय को गिरफ्तार कर लिया है। रजनी, अजय और अभिषेक पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामलों में आरोपी हैं। अजय के खिलाफ जिले के कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में चार्जशीट दायर करने की तैयारी में है। पुलिस हत्या में प्रयोग किए कुदाल की तलाश कर रही है। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी, एसएचओ भूपेंद्र सिंह ठाकुर और अन्य अधिकारी इस मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

पंकज 18 जनवरी को अपने गांव सलियाणा से लापता हुआ था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पंचरुखी थाने में दर्ज करवाई थी। 12 फरवरी को ज्वालामुखी के सुरानी जंगल में एक अज्ञात शव मिला। उसकी बाजू पर नीशू लिखा था। परिजनों ने शव की पहचान पंकज के रूप में की और प्रेमिका नीशू पर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पकड़े।

Leave A Reply

Exit mobile version