कांगड़ा।
जनयानकड़ में वीरवार सुबह करीब दस बजे बनैर खड्ड में बहे जल शक्ति विभाग के कर्मठ जेई सहौड़ा निवासी राजेश कुमार का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लग पाया था। देर शाम को रेस्क्यू अभियान रोका दिया गया। हालांकि सहौड़ा के ग्रामीण और राजेश कुमार रिश्तेदार अपने स्तर भी तलाश में जुटे हैं। एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान शुक्रवार सुबह फिर शुरू होगा। राजेश कुमार के बड़े बेटे ने कहा कि उनके पिता सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। राजेश कुमार की नेकी और उनके मिलनसार व्यक्तित्व के कारण जनयानकड़, जलाड़ी, इच्छी, सहौड़ा व अन्य गांव के लोग, जल शक्ति विभाग के कर्मचारी और अधिकारी इस हादसे से दुखी हैं। वे सभी परिजनों का हौसला बंधाने के साथ तलाश में भी जुटे हैं। मौके पर विधायक पवन काजल समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे।