कांगड़ा। एपीएमसी (APMC) के अध्यक्ष निशु मोंगरा ने सोमवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के चंगर इलाके की भंगवार पंचायत के सुक्का बाग (Sukka bag) का दौरा किया। उन्होंने वहां बरसात से हुए नुक्सान का जायजा लिया। यहां श्मशानघाट और मुख्य रास्ते को काफी क्षति पहुंची है।
चार लाख रुपये से श्मशानघाट और मुख्य रास्ते का जीर्णोद्धार किया जाएगा। वहीं कुलथी और दौलतपुर में बरसात से कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल प्रभावितों को तिरपाल एवं अन्य सामग्री दे दी गई है। इसके साथ ही नुक्सान की भरपाई के लिए मुआवजे का प्रस्ताव आगे भेज दिया है। बरसात से जनयानकड़ पंचायत में भी नालियां और रास्तों की हालत काफी खराब हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में समस्या पेश आ रही है। साथ ही उनके घरों में पानी भी भर रहा है। इन्हें खोलने के लिए जेसीबी लगा दी गई है।
यहां की अति महत्वपूर्ण संगम सड़क भी खस्ताहाल हो गई है। इसके लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। निशु मोंगरा ने कहा कि प्रदेश सरकार बरसात से हुए नुक्सान की भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुश्किल की घड़ी में आपदा प्रभावितों के साथ सरकार खड़ी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मानना है कि आपदा की घड़ी में कोई प्रभावित मुआवजे से वंचित न रहे। इसलिए मैं कांगड़ा विधानसभा के क्षेत्र के विभिन्न गांव का दौरा कर रहा हूं, ताकि लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।